बसपा प्रमुख मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेता अभिजात मिश्रा ने कहा है कि विपक्ष ने बार-बार जनता के ‘मन की बात’ को सुनने-समझने से इनकार किया है। सियासी मतभेद के कारण विपक्ष यह देखना नहीं चाहता है कि जनता किस प्रकार जाति-धर्म की दीवारों को पीछे छोड़कर जनहितैषी योजनाओं को काम करने वाली सरकार के लिए वोट कर रहा है, यही कारण है कि उसे बार-बार चुनाव में हार मिल रही है, लेकिन इसके बाद भी वह कुछ सीखने-समझने को तैयार नहीं है।
यूपी चुनाव में भाजपा को 300 से ज्यादा सीटें मिलने की संभावना की बात पर भाजपा नेता अभिजात मिश्रा ने कहा कि जनता की राजनीति बदल गई है। वह अब केवल विकास के नाम पर वोट करना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी जैसे दल अभी भी उसे केवल जातिवाद में बांधकर रखना चाहते हैं। लेकिन चुनाव परिणामों ने दिखा दिया है कि अब उनकी यह कोशिश कामयाब नहीं होने वाली है।
बीजेपी नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश में एक नए तरह की राजनीति की शुरूआत की है और इसे समझने की कोशिश की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए विकास की राजनीति की शुरूआत की थी। आज तक विपक्ष को उनकी इस राजनीति का कोई काट नहीं मिल सका है। अब उसी तरह के विकास की राजनीति की शुरूआत उत्तर प्रदेश में भी हो गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 में भी यही तस्वीर दिखाई पड़ेगा।