पुलवामा आतंकी वारदात के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए हैं। उसे दिया गया तरजीही राष्ट्र का दर्जा छीन लिया गया है। पाकिस्तान से आयात होने वाली वस्तुओं पर टैक्स 200 फीसदी तक बढ़ा दिया गया है। भारत ने विभिन्न देशों के राजनयिकों को बुलाकर पाकिस्तान को बेनकाब करने और विश्व समुदाय में उसे अलग-थलग करने का प्रयास भी किया है। लेकिन बावजूद इसके लोगों को ये प्रयास नाकाफी लग रहे हैं। जनता पाकिस्तान पर सैनिक कार्रवाई होते हुए देखना चाह रही है और यही कारण है कि सरकार के पास इस मुद्दे से बच निकलने के रास्ते कम से कमतर होते जा रहे हैं।