कांग्रेस ने हरियाणा के राजकुमार सैनी समेत दो भाजपा सांसदों के नई पार्टी का रजिस्ट्रेशन कराए जाने की खबरों पर कहा कि भाजपा अपने बागी सांसदों पर कार्रवाई करने से डर रही है। उसे लगता है कि 272 का आंकड़ा कम हो गया है अवश्विास प्रस्ताव पर अगर एनडीए के साथी दल छोड़कर चले गए तो मोदी सरकार वाजपेयी जी की सरकार के बराबर भी कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी।
प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि राजकुमार सैनी पहले ही कह चुके हैं कि 80 फीसदी भाजपा सांसद मोदी जी की कार्यशैली को लेकर उनके नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। बावजूद पार्टी उन्हें
नहीं निकाल रही है। इससे साफ होता है कि सैनी सच बोल रहे होंगे। भाजपा सांसदों की संख्या 272 से कम हो चुकी है ऐसे में किसी सांसद पर कार्रवाई करने से डर रहे हैं।
आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के वादों के प्रति प्रतिबद्धता जताई
सुरजेवाला ने चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी की ओर राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने को लेकर संसद में लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव पर कहा कि इसका फैसला कांग्रेस संसदीय दल के नेताओं को करना है। हालांकि राज्य के हितों के लिए पार्टी टीडीपी को समर्थन में भी परहेज नहीं करेगी।
कांग्रेस असहमत और राजनीतिक तौर पर विरोधी दलों के जनता से जुड़े मुद्दों पर संसद के अंदर और बाहर आवाज उठाती रही है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के साथ किए गए हर वादे को पूरा किया जाए इसके प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता है। हमारे साथ आकर हमारी आवाज में आंध्र प्रदेश के हितों के लिए अपनी आवाज जोडने का हम स्वागत करेंगे।