S Jaishankar(File Photo)
- फोटो : PTI
मोदी कैबिनेट में शामिल विदेश मंत्री एस जयशंकर को भाजपा पहले तमिलनाडु से राज्यसभा भेजना चाहती थी, जोकि उनका गृह राज्य है। फिर तय हुआ कि जयशंकर को गुजरात से राज्यसभा भेजा जा सकता है, क्योंकि यहां राज्यसभा की दो सीटें खाली हो गई हैं। लोकसभा चुनाव में गांधीनगर से जीतने वाले अमित शाह और अमेठी से जीतने वालीं स्मृति ईरानी गुजरात से ही राज्यसभा सदस्य थी, जोकि अभी लोकसभा सांसद हैं।
इससे पहले भाजपा अपनी उम्मीदवारी के लिए एआईडीएमके से एक सीट मांग रही थी। वहीं चर्चा है कि एआईडीएमके नेताओं ने डीएमके के नेतृत्व वाली विपक्ष से छवि बिगाड़ने की आशंका का हवाला देते हुए इस प्रस्ताव का विरोध किया। एआईएडीएमके के एक नेता का कहना है कि स्थानीय निकाय के चुनाव में कुछ दिन रह गए हैं, ऐसे में हम ऐसा नहीं कर सकते। वहीं एक अन्य नेता के मुताबिक एआईएडीएमके वेल्लोर लोकसभा सीट और नानगुनेरी विधानसभा सीट पर चुनाव होने तक भाजपा को राज्यसभा सीट देने के पक्ष में नहीं हैं।
मालूम हो कि तमिलनाडु की कन्याकुमारी लोकसभा सीट से जीतने के बाद कांग्रेस नेता एच वसंत कुमार ने बुधवार को नानगुनारी विधानसभा सीट से इस्तीफा दिया है। वसंत कुमार के इस्तीफे के साथ ही इस 234 सदस्यों वाले सदन में विधायकों की संख्या घटकर 233 हो गई है और विपक्षी द्रमुक की सहयोगी कांग्रेस की सीटें कम होकर सात रह गई हैं। 24 जुलाई को तमिलनाडु से छह राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं, जबकि अगले साल दो अप्रैल को छह और सीटें खाली होंगी।