फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnataka: शराब बांटने को लेकर मचे हंगामे के बीच BJP की कार्रवाई, मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी को पार्टी से निकाला

Tue, 09 Jul 2024 07:59 PM IST
मिथिलेश नौटियाल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

भारतीय जनता पार्टी के सांसद के. सुधाकर ने अपनी जीत की खुशी में लोगों के बीच कथित तौर पर शराब बंटवाई थी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ और अब भाजपा मंडल अध्यक्ष को पार्टी से निकाल दिया गया है। 

विज्ञापन
कर्नाटक में शराब बांटते लोग और भाजपा सांसद के. सुधाकर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद के. सुधाकर ने कथित तौर पर अपनी जीत की खुशी में लोगों के बीच शराब बंटवाई। हालांकि, उन्होंने बाद में दावा किया था कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है। अब के.सुधाकर ने कहा है कि इस मामले में भाजपा के मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी को छह वर्ष के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में अपनी गलती से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि यह आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है क्योंकि समारोह में शराब बांटने की अनुमति आबकारी विभाग ने ही दी है। 

विज्ञापन


वीडियो में क्या दिख रहा है? 
सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें लिखा गया है कि कर्नाटक के नीलमंगला क्षेत्र में लोग शराब की बोतलें लेने के लिए कतार में खड़े हैं। आगे बताया गया है कि यह समारोह भारतीय जनता पार्टी के सांसद के. सुधाकर ने आयोजित करवाया है। सुधाकर ने लोकसभा चुनाव में चिक्कबल्लापुर सीट से जीत हासिल करने की खुशी में इस कार्यक्रम क आयोजन करवाया। सूत्रों के अनुसार इस समारोह में भाजपा के सहयोगी दल जनता दल सेक्युलर (जेडी-एस) के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। यह भी बताया गया है कि आबकारी विभाग ने इस आयोजन में शराब परोसने के लिए लाइसेंस जारी किया था। 

भाजपा सांसद सुधाकर ने दी सफाई
उधर भाजपा सांसद के. सुधाकर का कहना है कि उनका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘ भाजपा या जेडी-एस, जिसने भी आयोजन में शराब परोसने की व्यवस्था की, यह गलत है। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। 20 वर्षों की सेवा के दौरान मैंने कभी शराब बांटने की राजनीति नहीं की।’
विज्ञापन


शिवकुमार का भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से सवाल
राज्य के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को इस मामले में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से सवाल पूछा। उन्होंने कहा, ‘मैं भाजपा के स्थानीय नेताओं से जवाब नहीं चाहता हूं। मेरा पार्टी के अध्यक्ष नड्डा से सवाल है कि क्या ये ही भाजपा की संस्कृति है?’ जब शिवकुमार से सवाल किया गया कि क्या वे इसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करेंगे? इसके जवाब में शिवकुमार ने कहा कि पहले भाजपा को इस मामले में जवाब देना होगा। उधर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने भी भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने भी सवाल किया कि क्या ये ही भाजपा की संस्कृति है?

'पुलिस विभाग की गलती नहीं'
बंगलूरू ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सीके बाबा ने कहा, ‘आबकारी विभाग ने समारोह में शराब बांटने की अनुमति दी थी। पुलिस को समारोह में व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए थे। इसमें पुलिस विभाग की कोई भी गलती नहीं है। आबकारी विभाग ने शराब बांटने की अनुमति दी थी और यह पूरी तरह से उनकी जिम्मेदारी है।’ सीके बाबा ने साफ तौर पर कह दिया है इस घटना में पुलिस का कोई दोष नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें