राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए 'हॉर्स ट्रेडिंग' (विधायकों/सांसदों की खरीद-फरोख्त) कर रही है। उनका दावा है कि भाजपा अपने पक्ष में सांसदों की संख्या बढ़ाकर अपनी पसंद के किसी भी विधेयक को आसानी से पारित कराना चाहती है।
यह भी पढ़ें-
Chennamma Demise: पूर्व PM देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का निधन, प्रधानमंत्री मोदी समेत इन नेताओं ने जताया शोक
'TMC-NCPSP-UBT सांंसदों साथ लाने की कोशिश'
एएनआई से बातचीत में कपिल सिब्बल ने कहा कि भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और शिवसेना के सांसदों को अपने साथ लाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, 'भाजपा आखिर हॉर्स ट्रेडिंग क्यों कर रही है? तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने अपने संसदीय दल का विलय पूर्वोत्तर के एक ऐसे दल में कर दिया, जिसके बारे में पहले किसी ने ज्यादा नहीं सुना था। इसके बाद वे संसद में उसी दल के साथ बैठने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ने अभी तक उनके बैठने की व्यवस्था पर अंतिम फैसला नहीं दिया है'।
कपिल सिब्बल ने आगे कहा कि इसके बाद एनसीपी के कुछ सांसदों के भाजपा के साथ जाने की खबरें आईं। उन्होंने दावा किया कि एनसीपी के सात सांसद और शिवसेना के कुछ सांसद भी सत्तापक्ष के साथ खड़े हो गए हैं। उनके अनुसार, भाजपा इन घटनाओं के जरिए संसद में अपनी संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
मानसून सत्र से पहले तेज हुई राजनीतिक हलचल
कपिल सिब्बल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार की सिफारिश पर दोनों सदनों का यह चार सप्ताह का सत्र बुलाने की मंजूरी दे दी है। सरकार इस सत्र में कई अहम विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इनमें आयकर (संशोधन) विधेयक, 2026, सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026, जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं।
यह भी पढ़ें-
'2031 में ढहा देंगे बंगाल में BJP के सभी कार्यालय': अभिषेक बनर्जी ने दी चेतावनी, किस बात पर भड़के TMC सांसद?
खरगे से मिले कपिल सिब्बल
इस बीच, कपिल सिब्बल शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच संसद के आगामी मानसून सत्र की रणनीति और परिसीमन विधेयक को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों का यह भी कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कपिल सिब्बल को 20 जुलाई को संसद में होने वाली विपक्षी दलों के नेताओं की रणनीति बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। माना जा रहा है कि विपक्ष इस बैठक में संसद के दौरान उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों और सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा करेगा।