राहुल गांधी के 1984 के दंगों पर दिए गए बयान पर सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने एक पोस्टर जारी किया जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को 'फादर ऑफ मॉब लिंचिंग' यानि 'भीड़ हिंसा का जनक' कहा गया है।
बग्गा ने अमर उजाला से कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि राजीव गांधी ने चौरासी के दंगों के बाद यह कहते हुए एक तरह से दंगों में अपनी और पार्टी की भूमिका स्वीकार कर ली थी कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। उनके मुताबिक अगर दंगों में पार्टी की भूमिका नहीं थी तो कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि उनके पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किस बात के लिए देश से माफी मांगी थी।
भाजपा नेता ने कहा कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी को सबसे पहले अपनी पार्टी के ही अंदर स्थिति साफ कर लेनी चाहिए क्योंकि एक तरफ तो राहुल गांधी कहते हैं कि दंगों में उनकी पार्टी की कोई भूमिका नहीं थी, वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह खुलेआम यह स्वीकार करते हैं कि कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता दंगों में शामिल थे। कांग्रेस के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने तो देश से माफी तक मांग ली।
सिख समुदाय के प्रभावशाली नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने दंगों के लिए गांधी परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजीव गांधी 'चौरासी के दंगों की फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे।' सब कुछ उन्हीं के इशारों पर हुआ। कांग्रेसी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का सिखों से माफी मांगना भी एक तरह से छलावा था, क्योंकि अगर कांग्रेस देश से दिल से माफी मांगती तो उन्हीं नेताओं को पार्टी में बड़े पद नहीं देती जो दंगों के लिए जिम्मेदार थे।
उन्होंने कहा कि दंगों के एक प्रमुख आरोपी कमलनाथ आज भी मध्यप्रदेश कांग्रेस में एक बड़ी जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। अन्य बड़े आरोपी जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार आज भी गांधी परिवार के करीबी लोगों में शामिल हैं। ऐसे में यह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि कांग्रेस ने देश से क्षमा मांगी थी।
इंदिरा गांधी की हत्या के बाद नवंबर 1984 में देश में फैले इन दंगों में कम से कम तीन हजार लोगों की हत्या हो गई थी। कांग्रेस के कुछ नेताओं पर इन दंगों में शामिल होने का आरोप लगता रहा है। राहुल गांधी ने अपनी हाल ही में लंदन यात्रा में इन दंगों में पार्टी की भूमिका होने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही इस मामले पर सियासत गरमाई हुई है।