भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर चुनावों के दौरान सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा ने इसकी शिकायत मुख्य निर्वाचन आयोग से की है। भाजपा की शिकायत है कि आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद कांग्रेस मध्य प्रदेश में ओपिनियन पोल करवा कर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, आईटी राज्य मंत्री एसएस अहलूवालिया और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का कहना है कि 2 नवंबर से मध्य प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है, बावजूद इसके कांग्रेस एक न्यूज चैनल के जरिए ओपिनियन पोल करवा कर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने इसे पेड न्यूज का मामला बताते हुए चुनाव आयोग से कांग्रेस और चैनल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
भाजपा नेता नकवी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ पर घूस देने का आरोप लगाया है। नकवी के मुताबिक कमलनाथ ने 18 नवंबर को ट्वीट करके मिड-डे मील वर्कर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियमित करने का भरोसा दिलाया है। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों के लोन माफ करने का वायदा किया है। नकवी का कहना है कि कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र या वचन पत्र में ऐसी कोई घोषणाएं नहीं की है। ऐसा करके कांग्रेस जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 123, आईपीसी की धारा 171बी और 171सी और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है।
वहीं नकवी ने कमलनाथ के उस वीडियो पर कार्रवाई करने की मांग की है, जिसमें वे मुस्लिम समुदाय से एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं। नकवी का आरोप है कि कमलनाथ सांप्रदायिक आधार पर बूथ बांटने की आपराधिक साजिश रच रहे हैं। नकवी ने आयोग से जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 123 और 126बी के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि, कमलनाथ और उनके सहयोगियों के खिलाफ सांप्रदायिकता के आधार पर वोटरों को गुमराह करने के आरोप में आपराधिक कार्रवाई की जाए।