नवजोत सिंह सिद्धू, संबित पात्रा (फाइल फोटो)
करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह के दौरान कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की कथित तारीफ भाजपा को नागवार गुजरी है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने सिद्धू की आलोचना की है। करतारपुर पर अपने भाषण के दौरान सिद्धू ने इमरान को दिलों का राजा बताया था।
उन्होंने कहा था, 'सिकंदर ने डर से दुनिया जीती थी और आपने दुनियाभर के दिलों को जीत लिया है।' संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी कर सिद्धू इमरान और पाकिस्तान को भारत से उपर दिखाना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि सिद्धू ने खुद को 14 करोड़ सिखों के प्रतिनिधि के तौर पर पेश करने की भी कोशिश की। संबित पात्रा ने कहा, 'उन्हें वहां पर मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया था। वह आधिकारिक जत्थे के साथ नहीं थे। यह अधिकार उन्हें किसने दिया था।'