भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केरल सरकार और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। नड्डा ने कहा कि कोविड महामारी में राज्य सरकार को जो भूमिका निभानी चाहिए वह केरल सरकार ने नहीं किया। वहीं, जे पी नड्डा ने राहुल गांधी के केरल दौरे को पॉलिटिकल टूर करार दिया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय जेपी नड्डा ने केरल सरकार और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने राज्य में बढ़ते कोरोना के मामलों को लेकर पिनराई विजयन सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि केरल में 20,000 औसतन केस आ रहे हैं। कोविड प्रबंधन को लेकर काफी बात की जा रही थी अब वो चर्चित कोरोना प्रबंधन का मॉडल कहां गया? जेपी नड्डा ने पिनरई विजयन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केरल सरकार ने कोविड-19 महामारी से लड़ने में अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। वहीं, राहुल गांधी के केरल दौरे पर नड्डा ने चुटकी ली।
विज्ञापन
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केरल के कोझीकोड में पार्टी के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना से निपटने के लिए केरल को विशेष पैकेज देने का एलान किया है। भाजपा प्रमुख ने कहा कि 'इस कोविड महामारी में राज्य सरकार को जो भूमिका निभानी चाहिए वह नहीं किया गया। केरल की जनसंख्या 3.58 करोड़ है और यहां 38 लाख कोविड मामले सामने आ चुके हैं. जबकि उत्तर प्रदेश में 22.9 करोड़ जनसंख्या पर 17 लाख कोरोना के मामले आए हैं।
पॉलिटिकल टूर पर हैं राहुल गांधी- नड्डा
नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो यहां पॉलिटिकल टूर पर आए हुए हैं। बता दें कि राहुल गांधी तीन के दौरे पर केरल पहुंचे हैं। आज उनका दूसरा दिन है। दिल्ली में नाबालिग लड़की से रेप मामले को लेकर भी जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तंज कसा। नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
विज्ञापन
राहुल गांधी पर बरसे संबित पात्रा
जे पी नड्डा के अलावा भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया। संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने दिल्ली में नाबालिग से रेप मामले पर देश से झूठ बोला। संबित पात्रा ने कहा कि पीड़िता की मां ने बताया था कि उनके परिवार से तस्वीर साझा करने की किसी ने इजाजत नहीं दी, जब राहुल गांधी ने पीड़िता के परिवार की तस्वीर सार्वजनिक की, तब ट्विटर ने उनका अकाउंट लॉक किया। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने देश से झूठ बोला था कि पीड़िता के परिवार ने उनको स्वीकृति दी थी। कोई भी जिम्मेदार नेता ऐसा नहीं कर सकता।