राजनीतिक विश्लेषक अभय देशपांडे का मानना है कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम महाराष्ट्र में भाजपा की स्थिति को मजबूत करेंगे। भाजपा हरियाणा में निर्णायक जनादेश के साथ सत्ता में बनी रहेगी, जबकि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस सहयोगी कांग्रेस के साथ सत्ता में आती दिख रही है। जबकि महाराष्ट्र में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जम्मू-कश्मीर के चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, भाजपा और केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर चुनाव में पाकिस्तान के दुष्प्रचार का कड़ा जवाब दिया है। सोलापुर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, मैं हरियाणा के चुनाव के नतीजों पर तुरंत प्रतिक्रिया नहीं दूंगा। हालांकि, भाजपा और केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर चुनाव में पाकिस्तान के दुष्प्रचार का कड़ा जवाब दिया है।
विज्ञापन
'विपक्ष का दुष्प्रचार भी गलत साबित हुआ'
इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि विपक्ष का दुष्प्रचार भी गलत साबित हुआ है, क्योंकि उनमें से कुछ लोगों ने यह कहकर जनता को डराने की कोशिश की थी कि अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद सड़कों पर खून-खराबा होगा। उन्होंने कहा, हमने दुनिया को दिखाया है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हिस्सा लिया है। यह एक मजबूत संदेश है कि भारत सरकार और भारत का चुनाव आयोग वहां निष्पक्ष चुनाव करा सकता है। यहां तक कि दुनिया के कई देशों की तरफ से भेजे गए पर्यवेक्षकों ने भी चुनावों की निष्पक्षता देखी है।
'कांग्रेस पार्टी के झूठ अब उजागर हो चुके हैं'
वहीं महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि हरियाणा चुनाव परिणाम कांग्रेस के 'फर्जी गढ़ी हुई कहानी' के लिए एक मजबूत संदेश है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी के झूठ अब उजागर हो चुके हैं। हरियाणा के मतदाताओं को एहसास हो गया है कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार 2029 तक चलने वाली है, इसलिए हरियाणा के मतदाताओं ने अपने राज्य में भी डबल इंजन वाली सरकार चुनी है।
विज्ञापन
उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र में महायुति सरकार राज्य के चुनावों में भी यही दोहराएगी। हम महाराष्ट्र को नंबर एक स्थान पर लाएंगे और कई मोर्चों पर इसे बेहतर बनाएंगे। महाराष्ट्र में महायुति के सभी घटक बहुत सारे वोट हासिल करेंगे और हम सत्ता में आएंगे।