भाजपा ने मंगलवार को कहा कि दुनिया भर में हिंदुओं को बदनाम करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए। अपनी मांग के समर्थन में भाजपा ने विकिलीक्स से प्राप्त एक टेलीग्राम का हवाला दिया है।
भाजपा ने राहुल व अमेरिकी राजदूत की बातचीत के हवाले से बोला हमला
हैदराबाद के मक्का मस्जिद ब्लास्ट केस में स्वामी असीमानंद सहित पांच आरोपियों को विशेष अदालत द्वारा बरी किए जाने के एक दिन बाद कांग्रेस पर हमला करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि अगर कांग्रेस भारत को अपना समझती है तो राहुल और सोनिया गांधी को महान हिंदु धर्म पर भगवा आतंक का लेबल चस्पा करने के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
'राहुल ने कहा था, लश्कर ए ताइबा से भी बड़ा खतरा है भगवा आतंकवाद'
भाजपा प्रवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकिलीक्स से हासिल एक टेलीग्राम दिखाते हुए कहा कि इसमें तत्कालीन यूपीए सरकार के दौरान अमेरिकी राजदूत और राहुल गांधी की बातचीत का ब्योरा है जिसमें राहुल ने कहा था कि भगवा आतंक भारत के लिए लश्कर ए ताइबा से बड़ा खतरा है। इस टेलीग्राम में दर्ज बातचीत से राहुल गांधी के हिंदू विरोधी मानसिकता का पता चलता है।
दरअसल कांग्रेस हमेशा से हिंदुओं को हल्के में लिया है। बता दें कि सोमवार को मक्का मस्जिद ब्लास्ट केस में फैसला आने के बाद पात्रा ने कहा था कि कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को उसी तरह सबक सिखाएगी जैसा उसने 2014 के लोकसभा चुनाव में सिखाया था, जब वह 44 सीटों पर सिमट कर रह गई थी। तुष्टीकरण की राजनीति के तहत कांग्रेस ने हिंदुओं और इस देश को कुछ वोटों के लिए निशाना बनाया था। उसके इस षड़यंत्र का पर्दाफाश हो चुका है।