राफेल डील पर शिवसेना ने भी भाजपा सरकार को घेरा है। भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने राफेल डील पर जेपीसी की मांग की है। शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा में कहा कि यह कैसा ऑफसेट कॉन्ट्रैक्ट था कि जिसकी कोई कंपनी ही नहीं थी। वह सिर्फ कागजों पर है। जबकि एचएएल के पास सब था। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार साफ है तो हम जेपीसी से क्यों डरते हैं?
बता दें कि देश की संसद में आज राफेल डील को लेकर काफी बहस हुई। सरकार जहां इसे देश के सुरक्षा का मुद्दा बता रही है है वहीं विपक्ष जेपीसी की मांग पर अड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस चर्चा में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर हमला किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने एचएएल के हाथ से डील छीनकर युवाओं के हाथ से रोजगार छीन लिया। राहुल ने कहा कि पिछली बार प्रधानमंत्री मेरे भाषण के बाद बोले मगर राफेल के मुद्दे से बचते दिखे।