देश में कोरोना महामारी के बीच बर्ड फ्लू का खतरा मंडराने लगा है। राजस्थान के अलग-अलग जिलों में 252 कौवों की मौत के बाद अब हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश और केरल में भी पक्षियों की रहस्यमय मौत से हड़कंप मच गया है। हिमाचल के कांगड़ा जिले के पौंग बांध अभयारण्य में बीते एक हफ्ते में 1800 प्रवासी पक्षियों की मौत का मामला सामने आया है।
केरल के पशुपालन और डेयरी विकास मंत्री के. राजू ने बताया कि दो जिलों में बतखों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके तहत वायरस को फैलने से रोकेने के लिए 50 हजार बतखों को मारा जाएगा। किसानों की भरपाई सरकार करेगी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 12 हजार बतख मर चुके हैं, जबकि 36 हजार को मारा जाना बाकी है। लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है।
मध्यप्रदेश के इंदौर में मृत पाए गए कौवों में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के डॉ. अमित मालाकार ने बताया कि अब तक 150 कौवों की मौत हुई है। जांच में कौवों में संक्रमण की पुष्टि के बाद पोल्ट्री फॉर्मों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि कौवों में एच5एन8 वायरस की पुष्टि हुई। हालांकि, इसकी इंसानों में मौजूदगी का अभी तक पता नहीं चला है।