अमेरिकी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट ने 9 मई को फ्लिपकार्ट की 77 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की। ई-कॉमर्स सेक्टर के तहत यह अब तक का सबसे बड़ा सौदा माना जा रहा है। इस सौदे के बाद सचिन बंसल के कंपनी छोड़ने से बिन्नी बंसल बेहद आहत नजर आए। इस डील में फ्लिपकार्ट के ग्रुप चेयरमैन और को फाउंडर सचिन बंसल बाहर हो गए हैं। उन्होंने बिन्नी बसंल के साथ मिलकर फ्लिपकार्ट को 1.3 लाख करोड़ रुपये की कंपनी बनाया।
बिन्नी ने संवाददाताओं से कहा कि वॉलमार्ट द्वारा कंपनी के अधिग्रहण के बाद सचिन द्वारा कंपनी छोड़ने का फैसला उनके लिए बेहद भावुक पल है। सचिन फ्लिपकार्ट में अपनी 5.5 फीसदी हिस्सेदारी एक अरब डॉलर में वॉलमार्ट को बेचकर कंपनी से अलग हो गए हैं। बता दें कि भारतीय स्टार्टअप जगत में बिन्नी बंसल तथा सचिन बंसल की जोड़ी को कालजयी फिल्म शोले के जय-वीरू के किरदार की तरह समझा जाता था।
वहीं सौदे के बाद कंपनी से अलग हुए सह-संस्थापक सचिन बंसल ने भावुक फेसबुक पोस्ट लिखकर फ्लिपकार्ट से विदाई ली। सचिन ने अपनी इस पोस्ट के जरिए कहा कि दुख की बात है कि मेरा काम यहां पूरा हो गया और 10 वर्ष बाद अब फ्लिपकार्ट की कमान किसी और को सौंपने तथा यहां से जाने का वक्त आ गया है।
बंसल ने कहा कि मैं लंबी छुट्टी पर जा रहा हूं और कुछ व्यक्तिगत परियोजनाओं को खत्म करने पर ध्यान केंद्रित करूंगा, जिसके लिए मैं समय नहीं निकाल पाया। वह गेमिंग क्षेत्र पर ध्यान देंगे और देखेंगे कि बच्चे इन दिनों क्या खेलना पसंद कर रहे हैं तथा अपने कोडिंग कौशल को और अधिक निखारेंगे। इसके साथ ही कुछ पर्सनल प्रोजेक्ट्स पर भी काम करेंगे। हालांकि सचिन बंसल ने इस दौरान यह साफ नहीं किया कि वह अब आगे क्या करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनसे जुड़े लोगों का मानना है कि वो वापस आएंगे, लेकिन अब ई कॉमर्स सेक्टर में वापसी नहीं करेंगे।
बता दें कि यह पहली कंपनी है जो स्टार्टअप के रूप में शुरू हुई और एक अरब डॉलर से ज्यादा के कारोबार का लक्ष्य हासिल किया और निरंतर आगे बढ़ती जा रही है। लेकिन यह बहुतों को मालूम नहीं होगा कि इसकी शुरुआत दो बेडरूम के फ्लैट से हुई थी। आईआईटी दिल्ली से ग्रेजुएट 24 साल के सचिन बंसल और 23 साल के बिन्नी बंसल ने 2007 में बंगलूरू में इसकी स्थापना की थी। हालांकि दोनों चंडीगढ़ के रहने वाले हैं लेकिन इससे पहले दोनों कभी मिले नहीं। आईआईटी में सचिन सीनियर थे और बिन्नी जूनियर। बंसल बंधुओं में एक समानता यह है कि दोनों साथ में अमेजॉन में काम कर चुके थे।