देशभर में अवसाद और आत्महत्या को लेकर एकल अभियान चलाने वाली महिला मोटरसाइकिल चालक सना इकबाल की मंगलवार की सुबह हैदराबाद में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने इस दुखद घटना की जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर के बाहरी इलाके में तड़के सुबह 3:30 बजे हुई दुर्घटना में उनके पति घायल हो गए हैं। नरसिंहजी पुलिस स्टेशन इंस्पेक्टर जीवी रमन गौड़ ने कहा कि 29 वर्षीय सना और उनके पति अब्दुल नदीम कार से टोलीचौकी में स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आउटर रिंग रोड पर स्थित डिवाइडर से टकरा गई।
सना के पति अब्दुल नदीम कार चला रहे थे। दुर्घटना में सना को गंभीर चोटें आईं और उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके घायल पति नदीम का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ेंः सुशांत रोहिल्ला सुसाइड मामला : AMITY की अर्जी पर हाईकोर्ट ने उठाए ये सवाल
पुलिस ने कहा कि आईपीसी की धारा 304ए (लापरवाही के कारण मौत) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
हैदराबाद की रहने वाली बाइक राइडर कुछ सालों पहले चर्चा में आई थीं।
तब उन्होंने देशभर में आत्महत्या को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के लिए अकेले पूरे देश में यात्रा की थी। उनके अभियान का उद्देश्य लोगों और खास तौर पर छात्रों को आत्महत्या को लेकर शिक्षित करना था।