फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: बिहार में पड़ेगी महाराष्ट्र चुनाव की 'छाया'? राहुल गांधी-तेजस्वी यादव इसलिए कर रहे हमला

सार

राहुल गांधी ने एक बार फिर महाराष्ट्र चुनाव में कथित तौर पर धांधली होने का मुद्दा उछाल दिया है। उन्होंने कुछ सीटों पर मतदाताओं के बढ़ने के कारण चुनाव परिणाम प्रभावित होने की बात कही है। बड़ा प्रश्न यह है कि राहुल गांधी इस समय यह मुद्दा क्यों उठा रहे हैं? क्या उन्हें और तेजस्वी यादव को बिहार चुनाव में भी 'महाराष्ट्र चुनाव की छाया' पड़ने की उम्मीद है?
विज्ञापन
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव - फोटो : तेजस्वी यादव सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राहुल गांधी ने एक बार फिर महाराष्ट्र चुनाव में कथित तौर पर धांधली होने का मुद्दा उछाल दिया है। उन्होंने कुछ सीटों पर मतदाताओं के बढ़ने के कारण चुनाव परिणाम प्रभावित होने की बात कही है। राहुल गांधी का जवाब देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने 25 से अधिक ऐसी सीटों का उदाहरण दे दिया जहां लोकसभा चुनाव के मुकाबले विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या बढ़ी थी, लेकिन उन सीटों पर कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों के उम्मीदवार जीते थे। बड़ा प्रश्न यही है कि राहुल गांधी इस समय यह मुद्दा क्यों उठा रहे हैं? क्या उन्हें और तेजस्वी यादव को बिहार चुनाव में भी 'महाराष्ट्र चुनाव की छाया' पड़ने की उम्मीद है?
विज्ञापन


वोटिंग में ईवीएम मशीनों की भूमिका और इसके संभावित दुरुपयोग पर विपक्ष कई बार सवाल खड़े कर चुका है। लोकसभा चुनाव से लेकर महाराष्ट्र सहित  कई राज्यों के चुनावों में भी उसने चुनाव परिणामों में हेरफेर होने की आशंका जाहिर की थी। कभी समय से अधिक समय तक वोटिंग करने तो कभी किसी भी बटन के दबाने के बाद भी एक ही दल को वोट मिलने जैसे सवाल उठाए जा चुके हैं। चुनाव आयोग ने अपने स्तर पर हर बार विपक्षी दलों को उनके सवालों के जवाब दिए हैं, लेकिन इसके बाद भी विपक्ष रह-रहकर इन मुद्दों को उठाता रहा है।   

 

इसलिए मोर्चे पर जुटे भाजपा नेता
ईवीएम वोटिंग सिस्टम भाजपा के केंद्र सरकार में आने से पहले से सफलतापूर्वक प्रयोग हो रहा है। इसी सिस्टम में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों को कई बार जीत और हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन इसके बाद भी यह सवाल बार-बार उठाया जा रहा है। भाजपा नेताओं का मानना है कि इसके पीछे विपक्ष की एक सोची समझी रणनीति हो सकती है। यही कारण है कि इस बार राहुल गांधी के द्वारा सवाल उठाने के बाद भाजपा तुरंत सामने आ गई और उसने राहुल गांधी का जवाब दिया। 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कांग्रेस और राहुल गांधी अब तक महाराष्ट्र चुनाव की हार को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में 25 से अधिक ऐसे विधानसभा  क्षेत्र रहे जहां 8 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की संख्या बढ़ी, लेकिन इनमें अनेक सीटों पर कांग्रेस, एनसीपी के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इनमें पश्चिम नागपुर, उत्तर नागपुर, वड़गांव शेरी और मुंब्रा जैसी सीटें शामिल हैं। 

 
विज्ञापन

पिछली बार के चुनाव परिणाम से विपक्ष को उम्मीद
बिहार के पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-राजद और वाम दलों के महागठबंधन ने एनडीए खेमे के सामने कड़ी चुनौती पेश की थी। राजद नेता यह मानकर चल रहे थे कि तेजस्वी यादव इस बार अपने बूते सरकार बनाने में सफल होंगे। लेकिन चुनाव परिणामों में भाजपा-जदयू गठबंधन ने कुछ अंतर से बाजी मार ली। 

राजनीतिक विश्लेषक धीरेंद्र कुमार ने अमर उजाला से कहा कि चुनाव आयोग या ईवीएम पर बार-बार सवाल उठाना विपक्ष की एक रणनीति हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद नेताओं का मानना है कि इस बार भी नीतीश कुमार सरकार के पक्ष में 'बहुत कुछ' नहीं है। कई ऐसे कारण हैं जिनके कारण जनता बदलाव की ओर मुड़ सकती है। सत्ता में नीतीश का लंबे समय तक बने रहना और अपराध की कई घटनाओं ने विपक्ष को यह भरोसा दिया है कि यदि वे मुद्दों को सही से उठाते हैं तो इस बार बाजी उनके हाथ लग सकती है। उन्होंने कहा कि, ऐसे में बहुत संभावना है कि सत्ता पक्ष चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी कर परिणाम न बदल सके, इसके लिए अभी से दबाव की रणनीति अपनाई जा रही है। 

अपनी हार सामने देख अभी से बहाने खोजने लगे राहुल गांधी- भाजपा 
भाजपा नेता जयराम विप्लव ने अमर उजाला से कहा कि कांग्रेस और राजद नेताओं को भी जमीन की सच्चाई का पता चल गया है। केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार के कामों के कारण बिहार में जो बड़े-बड़े बदलाव हुए हैं, उसे देखते हुए जनता ने यह तय कर लिया है कि विकास की इस रफ्तार को रुकने नहीं दिया जाएगा। यही कारण है कि राहुल गांधी जैसे नेता हारने के पहले ही बहाने तलाशने लगे हैं। 

विप्लव ने कहा कि इसी चुनावी मशीनरी में कांग्रेस ने हरियाणा, तेलंगाना और कर्नाटक चुनावों में जीत हासिल की थी। तब उसने इस जीत को अपने नेता राहुल गांधी की जीत बताया था, लेकिन जब महाराष्ट्र या हरियाणा में उनकी हार होती है तो वे हार की जिम्मेदारी लेकर कुछ करने की बजाय बहाने तलाशने में जुट जाते हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस प्रक्रिया को देख रहा है और राहुल गांधी ने बार-बार चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर अपनी विश्वसनीयता खत्म कर ली है। भाजपा नेता ने दावा किया कि इस बार भी बिहार में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें