Bihar SIR: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के अहम चरण में चुनाव आयोग ने 29.62 लाख ऐसे मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों को दी, जिनके फॉर्म अब तक नहीं मिले हैं। साथ ही 43.93 लाख ऐसे मतदाताओं की सूची भी दी गई, जो अपने पते पर नहीं मिले। आयोग ने सभी 12 प्रमुख राजनीतिक दलों से कहा है कि वे अपने बूथ-स्तर के एजेंटों के जरिए इन मतदाताओं से संपर्क करें, ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए।
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अहम चरण में पहुंच गई है। इस बीच, चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान 29.62 लाख ऐसे मतदाताओं की सूची साझा की गई, जिनके फॉर्म अब तक नहीं मिले हैं। इसके साथ ही लगभग 43.93 लाख उन मतदाताओं की सूची भी दी गई है, जो अपने पते पर नहीं मिले।
विज्ञापन
चुनाव आयोग ने सभी 12 प्रमुख राजनीतिक दलों से आग्रह किया है कि वे इन बचे हुए मतदाताओं से संपर्क करें। इसके लिए जिला अध्यक्षों और पार्टी की ओर से नियुक्त लगभग 1.5 लाख बूथ-स्तर के एजेंटों की मदद ली जाए। आयोग ने सोमवार को कहा, इसका मकसद यह है कि पूरी चुनाव प्रमाली एक मिशन मोड में मिलकर काम करें ताकि कोई भी योग्य मतदाता छूटने न पाए। इस चुनाव प्रणाली में राजनीतिक दल भी शामिल हैं।
आयोग ने बताया कि मसौदा मतदाता सूची एक अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। एक अगस्त से आम लोग सूची में किसी भी नाम को जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।