नीतीश कुमार पीएम मोदी से मुलाकात करते हुए
- फोटो : ANI
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 और नई सरकार के गठन के बाद गुरुवार को पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए नीतीश ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताते हुए कहा कि उन्होंने कोई खास मांग नहीं की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मुद्दे पर सरकार के साथ है और केंद्र ने तीनों कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रही किसान यूनियनों के साथ बातचीत करने का सही रास्ता अपनाया है। कुमार ने कहा कि आशा है जल्द ही मुद्दे का समाधान हो जाएगा।
केंद्र के तीन कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर पिछले दो महीने से ज्यादा समय से दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर हजारों किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।
नीतीश कुमार ने राजद समेत विपक्षी दलों को बिहार में सरकार के अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने के दावों पर भी कटाक्ष किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर इन सबसे उन्हें (विपक्ष को) पूरा प्रचार मिल रहा है तो इसमें कुछ गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता वास्तविकता से अनभिज्ञ हैं।