हरियाणा केपूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ बड़ी साजिश हुई। इस साजिश में भाजपा और इनेलो दोनों शमिल हो सकते हैं।
बुधवार को अपने आवास पर अमर उजाला से हुड्डा ने कहा कि साजिश के बारे पार्टी हाईकमान को पूरी जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि विधायकों के साथ कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलने का समय नहीं मांगा गया।
वह दिल्ली से बाहर थी। विधायक भी दिल्ली नहीं आए हैं। इस प्रकरण पर पार्टी अपना पक्ष साफ कर चुकी है। चुनाव आयोग से भी चुनाव में साजिश की शिकायत कर दी गई है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने खट्टर सरकार को फेल करार दिया। किसानों, मजदूरों और युवाओं के हितों का ख्याल नहीं रखने वाला बताया। कहा कि हालत ऐसे हैं प्रदेश में कोई भी वस्तु सस्ता नहीं हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम आज पहले से एक तिहाई कम है, लेकिन हरियाणा सरकार ने दाम कम नहीं किए।
कांग्रेस की सरकार में बिजली सस्ती थी, लेकिन अब बिजली मंहगी है। कांग्रेस सरकार ने गांव के गरीबों को फ्री में मकान दिए थ्थे, मौजूदा सरकार एक भी ऐसे ग्रामीण का नाम नहीं बता सकती, जिसको फ्री मकान दिया है।
कांग्रेस की कई योजनाओं के नाम जरूर बदलकर झूठी वाहवाही हासिल करने की कोशिश यह सरकार कर रही है। फरीदाबाद से बल्लभगढ़ के लिए मेट्रो एक्सटेंशन को तोहफा देने के रूप में सरकार ने झूठा प्रचार जरूर किया जबकि असलियत है कि मैने सीएम के तौर पर इसकी नींव रखी थी, मौजूदा केंद्र सरकार के मंत्री कृष्णपाल उस मौके पर मौजूद थे। यह सरकार सिर्फ फीता काटू और जेब काटू सरकार बनकर रह गई है।