राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उत्तराधिकारी को लेकर चल रही खींचतान के बीच भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने राहुल गांधी के 'भारत जोड़ो यात्रा' अभियान पर निशाना साधा है। भूपेंद्र यादव ने रविवार रात राहुल गांधी, अशोक गहलोत, सचिन पायलट की साथ की एक तस्वीर साझा कर मजाकिया अंदाज में ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट में कैप्शन देते हुए लिखा कि 'कृप्या पहले इन्हें जोड़ें', यानी भूपेंद्र यादव का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा से पहले अशोक गहलोत और सचिन पायलट को जोड़िए जिनके बीच मतभेद खुलकर सामने आ रहा है। बता दें कि भाजपा भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस की आलोचना करती रही है और पार्टी को पहले आंतरिक विद्रोह को हल करने की सलाह भी दी है।
सचिन पायलट को सीएम बनाने के विरोध में कई विधायकों ने सौंपा इस्तीफा
बता दें कि अशोक गहलोत के प्रति वफादार कई विधायकों ने रविवार रात एक महत्वपूर्ण कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले सचिन पायलट को अगले सीएम के रूप में नियुक्त करने के संभावित कदम पर अपना इस्तीफा सौंप दिया। बैठक को गहलोत के संभावित उत्तराधिकारी की चर्चा के बीच बुलाया गया था। 90 से अधिक विधायकों के एक समूह ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
देर रात तक मान मनौव्वल में लगे रहे खड़गे और अजय माकन
रिपोर्टों में कहा गया है कि देर रात, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन ने गहलोत के करीबी विधायकों को मनाने के कई प्रयास किए लेकिन बात नहीं बन सकी। वहीं गहलोत ने भी साफ-साफ कह दिया कि अब हम कुछ नहीं कर सकते। गहलोत शुरू में अपना सीएम पद छोड़ने को तैयार नहीं दिखे। बाद में, यह अनुमान लगाया गया कि वह पायलट के बजाय विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी को मुख्यमंत्री के रूप में देखेंगे, जिन्होंने उनके नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह किया था।
लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी साधा निशाना
वहीं भाजपा नेता और जोधपुर से लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि बाड़ लगाने की सरकार..फिर से बंद होने के लिए तैयार।