भोपाल में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आठ सिमी आतंकियों में से चार ने वर्ष 2014 में बिजनौर में पनाह ली थी। इनके साथ दो अन्य साथी भी थे। यहां के मोहल्ला जाटान के एक मकान में बम बनाते समय विस्फोट होने के बाद आतंकी फरार हो गए थे। बिजनौर से फरार छह आतंकियों में दो तेलंगाना राज्य में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे। आठ माह पहले ही बाकी बचे चारों आतंकी उड़ीसा के राउरकेला से पुलिस के हत्थे चढे़ थे।
मध्य प्रदेश की खंडवा जेल से 13 अक्तूबर 2013 को फरार हुए छह आतंकी एजाजुददीन, असलम, मोहम्मद सालिक उर्फ शल्ल, अमजद, जाकिर हुसैन और महबूब उर्फ गुड्डू ने बिजनौर के मोहल्ला जाटान व भाटान में अपना ठिकाना बना लिया था। ये आतंकी मोहल्ला जाटान में लीलो देवी और मोहल्ला भाटान में रईस के मकान में किराए पर रहते थे। जाटान में रहने वाले तीन आतंकी महबूब, एजाजुददीन, महबूब व सालिक लीलो देवी व बाकी रईस के मकान में रहते थे। लीलो देवी के मकान में रहने वाले आतंकी अपने को हिंदू बताकर रहे रहे थे।
दोनों जगह रहने वाले आतंकी एक दूसरे के कमरे में खूब आते जाते थे। इन आतंकियों ने मुजफ्फरनगर के दंगे का बदला लेने का प्लान बना रखा था। मुजफ्फरनगर के जानसठ में लगने वाले आरएसएस के शिविर को भी बम से उड़ाने की साजिश की थी। इसके लिए ही लीलो देवी के मकान में ये बम बना रहे थे। बम बनाते समय 12 सितंबर 2014 को विस्फोट होने पर दोनों जगह रहने वाले आतंकी भाग गए थे। विस्फोट में आतंकी महबूब गंभीर रूप से झुलस गया था। झुलसे साथी महबूब को लेकर तीन आतंकी दो दिन तक उमरी गांव के जंगल में पनाह लिए रहे। कुछ दिन बाद से यहां से भाग गए।
पुलिस ने आतंकियों को पनाह देने में रईस और उसके बेटे अब्दुल्ला, उमरी की रहने वाली हुस्ना, उसके भाई व कस्बा झालू के फुरकान को आतंकियों के सामान के साथ गिरफ्तार किया था। हुस्ना अपनी बहन के साथ रईस के मकान में किराए पर रहती थी। वह आतंकियों से पूरी तरह घुल मिल गई थी।
तीन अप्रैल 2015 को बिजनौर से फरार हुए आतंकियों में दो सरगना एजाजुददीन व असलम तेलंगाना राज्य में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। बाकी चारों भाग निकले थे। 17 फरवरी 2016 को फरार चारों आतंकी महबूब उर्फ गुड्डू, मोहम्मद सालिक, अमजद और जाकिर हुसैन को पुलिस ने उड़ीसा के राउलकेला से दबोचा था। उसके बाद से से भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद थे। आतंकियों के साथ महबूब की मां भी पकड़ी गई थी। महबूब की मां भी इन आतंकियों के साथ रहती थी।