कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा, भाजपा के सत्ता में आने के बाद से केंद्रीय संस्थाओं पर हमले किए गए हैं। न्यायपालिका, नौकरशाही और मीडिया पर भी लगातार हमले हो रहे हैं। जब कांग्रेस सत्ता में आएगी, तब हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ये संस्थान आरएसएस की पकड़ से मुक्त हों।
राहुल गांधी ने आगे कहा, हाल ही में हमारी पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव लोकतांत्रित तरीके से हुए, क्योंकि कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टी है। यह हमारे डीएनए में है। हम तानाशाही नहीं करते। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, मैं सोच रहा हूं कि आरएसएस, भाजपा, टीआरएस और अन्य राजनीतिक दल कब चुनाव कराएंगे।
टीआरएस और कांग्रेस के बीच कोई संबंध नहीं
तेलंगाना में टीआरएस और कांग्रेस के बीच संबंध के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा, दोनों पार्टियों के बीच कोई संबंध नहीं है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री का मानना है कि वह एक राष्ट्रीय पार्टी चला रहे हैं, उनकी इस सोच का स्वागत है। वह यह भी सोच सकते हैं कि वह एक अंतरराष्ट्रीय पार्टी चला रहे हैं।
कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा ने 'न्यूयॉर्क मार्च' को प्रेरित किया
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित होकर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस, अमेरिका ने रविवार को न्यूयॉर्क में 'यूनिटी वॉक' का आयोजन किया। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सचिव वीरेंद्र वशिष्ठ द्वारा जारी बयान के अनुसार, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा द्वारा हरी झंडी दिखाने के बाद 'यूनिटी वॉक' टाइम्स स्क्वायर से यूनियन स्क्वायर (गांधी की प्रतिमा) तक शुरू हुआ। प्रवासियों के लगभग 300 से अधिक सदस्य पांचवें एवेन्यू से होते हुए यूनियन स्क्वायर तक गए, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
बयान के अनुसार, 'यूनिटी वॉक' के समापन के बाद टिप्पणी करते हुए पित्रोदा ने भारत के लोगों से महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलना जारी रखने और लोकतंत्र, स्वतंत्रता, मानवाधिकार, न्याय, समानता, समावेश और भारतीय संविधान में उल्लिखित संबंधित मूल्यों और ज्ञान के आदर्शों का सम्मान करने का आग्रह किया।