कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही 'भारत जोड़ो यात्रा' का आज चौथा दिन है। शनिवार को राहुल गांधी की इस पद यात्रा की शुरुआत तमिलनाडु के कन्याकुमारी के मुलागुमूदु से हुई। इस दौरान कांग्रेस नेता के साथ लोगों का हुजुम दिखाई दिया। यात्रा के दौरान कई कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे। पार्टी ने इस यात्रा को व्यापक जनसंपर्क अभियान बताया है। 19 सितंबर को प्रियंका गांधी के भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
राहुल की टी-शर्ट को लेकर हंगामा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। पार्टी ने दावा किया कि 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान उन्होंने जो टी-शर्ट पहनी हुई थी, उसकी कीमत 41,000 रुपये से ज्यादा थी। इस पर कांग्रेस ने पलटवार भी किया। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में उमड़े जनसैलाब से भाजपा घबरा गई है।
भाजपा ने अपने ट्विटर हैंडल से 'भारत देखो' ट्वीट किया और दो तस्वीरें पोस्ट कीं। एक तस्वीर में राहुल गांधी दिख रहे हैं जबकि दूसरी में उनके द्वारा पहनी गई शर्ट की कीमत दिखाई गई है। इसमें दावा किया गया है कि बरबेरी टी-शर्ट की कीमत 41,257 रुपये है। दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने तंज कसते हुए ट्वीट में लिखा, "कांग्रेस के शहजादे को इस 42 हजार रूपये वाली टी-शर्ट में शायद पैदल चलते समय गर्मी कम लगती होगी या फिर महंगाई इतनी है कि बेचारे से ज्यादा महंगी नहीं खरीदी गई है।"