सर्जिकल ऑपरेशन पर देश का सियासी आरोप प्रत्यारोप भले चल रहा हो, भगवा परिवार मामले को लेकर पूरी तरह से एकजूट है। सेना के सर्जिकल कार्रवाई का खुला समर्थन कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ मैदान में पहले ही कूद चूका है। तो अब सर्जिकल स्ट्राईक से उपजे माहौल को भूनाने की कवायद में भी वह सरकार के साथ है।
चुनावी राज्यों में संघ के कार्यकर्ता भी जमीन पर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे। संघ और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मामले पर सधी रणनीति के साथ आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी सर्जिकल ऑपरेशन पर खुद से सीधा बोलने के बजाय संकेतों में बात करेंगे। तो संघ प्रमुख मोहन राव भागवत सर्जिकल ऑपरेशन के लिए खुलकर सेना के शौर्य की प्रसंसा के साथ पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ करेंगे।
मंगलवार को विजयदशमी के वार्षिक संबोधन में भागवत, पाक आतंकियों के खिलाफ सेना के सर्जिकल ऑपरेशन की जमकर तारीफ करेंगे। ताकि स्वयं सेवकों के बीच संघ प्रमुख का सीधा संकेत जा सके। वैसे संघ के दोनों ही मुखपत्र पांचजन्य और आर्गनाईजर ने सर्जिकल ऑपरेशन के लिए सेना के साहस की तारीफ करने के साथ मोदी के राजनीतिक साहस का भी गुणगान किया है।