इन विज्ञापनों में आप कुछ भी पा सकते हैं - दुल्हन, नौकरी, मकान-दफ्तर, खाने पीने की चीजें, दवाएं, स्कूल कॉलेजों में दाखिले से लेकर मोटा कर्ज तक। नौकरी देने के नाम पर तो लगातार इतने विज्ञापन युवाओं को भ्रमित करते हैं कि पूछिए मत।
पिछले दिनों रेलवे के नाम से एक फर्जी विज्ञापन जारी कर बेरोजगार युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ किया गया, उन्हें झूठे सपने दिखाए गए और उनसे लाखों रुपए ठगे गए। इससे पहले आईबी, सीबीआई और दूसरे कई विभागों के भ्रामक विज्ञापन जारी हो चुके हैं।
अब सरकार ने लोगों को इन भ्रामक विज्ञापनों के जाल से बचाने के लिए कुछ ठोस कदम उठाए हैं। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने इससे बचने के लिए एक नया पोर्टल लांच किया है। पोर्टल का नाम है - गामा। ऐसे किसी भी विज्ञापन की विश्वसनीयता की जांच परख के लिए और शिकायत दर्ज करने के लिए आप इस पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं।