टीएमसी सांसद नुसरत जहां (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान खत्म हो चुका है। ऐसे में सभी पार्टियां पूरी ताकत से अन्य चरणों की तैयारी में जुटी हुई हैं। इसके साथ ही पार्टियों की एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी भी जोरों पर है। इस बीच टीएमसी सांसद नुसरत जहां के एक बयान पर भाजपा ने ठिठोली की है।
दरअसल, भाजपा की बंगाल इकाई ने नुसरत जहां के एक वीडियो को ट्वीट किया है। इस वीडियो में नुसरत चुनाव प्रचार के दौरान नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह कहती दिख रही हैं कि एक घंटे से ज्यादा प्रचार तो मैं ममता बनर्जी के लिए भी नहीं करती हूं।
हुआ यूं कि टीएमसी सांसद नुसरत जहां दूसरे चरण के मतदान के लिए एक रोड शो कर रही थीं। इस रोड शो के दौरान गाड़ी पर खड़ी नुसरत प्रचार करते-करते थकान होने और दूसरी बातों से थोड़ी खिन्न दिखाई दे रही हैं। वह कहती हैं मैं एक घंटे से ज्यादा वक्त से प्रचार कर रही हूं, इतना तो मैं ममता बनर्जी के लिए भी नहीं करती हूं। ऐसा कहने के तुरंत बाद ही वह गाड़ी से नीचे उतर जाती हैं।
इसी वीडियो को बंगाल की भाजपा यूनिट ने पोस्ट करते हुए अपने ट्वीट में लिखा है कि नुसरत जहां टीएमसी सांसद, मैं एक घंटे से ज्यादा प्रचार नहीं कर सकती, इतना तो मैं ममता बनर्जी के लिए भी नहीं करती। इसके साथ ही भाजपा ने ममता बनर्जी और नंदीग्राम का उल्लेख करते हुए एक हैशटैग भी लगाया है।
बता दें कि ममता बनर्जी नंदीग्राम से भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। सुवेंदु अधिकारी कुछ समय पहले ही तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। बंगाल में शनिवार को पहले चरण के चुनाव का मतदान खत्म हुआ है, इस दौरान यहां कई हिंसक घटनाओं की खबरें भी सामने आई हैं। दोनों ही पार्टियों ने एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है।
बता दें कि बंगाल में आठ-चरण के चुनावों में पहली बार मतदान 27 मार्च को हुआ था और 84 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। दूसरा चरण के लिए 1 अप्रैल को मतदान होना है। जबकि 2 मई को मतों की गिनती के साथ ही चुनावी परिणाम सामने आएंगे।