उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में एक महिला ने जब कटमनी के तौर पर ली गई रकम लौटाने की मांग की तो स्थानीय पंचायत सदस्य समेत चार लोगों ने कथित रूप से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना बीते 14 अगस्त को हुई थी।
महिला ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा है कि उसने गीतांजलि आवास योजना के तहत मकान हासिल करने के लिए स्थानीय पंचायत सदस्य मोहम्मद बुलबुल आलम को सात हजार रुपये दिए थे। आलम ने इसके एवज में उसे मकान दिलाने का भरोसा दिया था।
उक्त योजना राज्य सरकार ने गरीबों को आवास मुहैया कराने के लिए शुरू की है। लेकिन आलम ने न तो मकान दिलाया और न ही कटमनी के पैसे लौटाए। महिला जब लगातार अपने पैसों का तकादा करती रही तो आलम ने 14 अगस्त को उसे एक सुनसान जगह पर मिलने के लिए बुलाया था।
जलपाईगुड़ी के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वहां पहुंचने पर आलम समेत चार लोगों ने उस महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद अभियुक्तों ने महिला को इस बारे में मुंह नहीं खोलने की धमकी दी। महिला ने कुछ दिनों बाद जब घरवालों को इस घटना के बारे में बताया तो वे उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग भी सक्रिय हो गया है। उसने इस मामले को लेकर पश्चिम बंगाल के डीजीपी को नोटिस जारी करते हुए उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा है।