बच्ची से दुष्कर्म(सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social media
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में एक 16 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस बच्ची के साथ कथित तौर पर कई बार सामूहिक बलात्कार किया गया और बाद में उसकी हत्या की गई। पुलिस ने बताया कि बच्ची की हत्या करने के बाद उसे सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया।
पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और शुक्रवार को इन तीनों लोगों को कोर्ट के सामने पेश किया था, जिसके बाद कोर्ट ने उन तीनों को आठ दिन तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है। यह बच्ची राजगंज की रहने वाली थी।
पुलिस ने बताया कि यह बच्ची दस अगस्त से गायब थी और इसके परिवार वालों ने इसकी गुमशुदी की एफआईआर पुलिस में दर्ज कराई थी। गुरुवार को पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा और पूछताछ के दौरान उन तीनों ने अपने अपराध को कबूल किया और बताया कि 15 अगस्त को उन्होंने उस बच्ची के साथ सामूहिक बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद उन्होंने बताया कि उस बच्ची के शरीर को उन्होंने एक सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था। पुलिस ने बताया कि उसी रात को उस सेप्टिक टैंक से बच्ची के शव को निकाला गया। स्थानीय टीएमसी विधायक खागेश्वर रॉय ने बच्ची के परिवार वालों से मुलाकात की और आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग की।
पुलिस ने कहा कि वो अभी इस घटना की जांच कर रही है ताकि ये पता लगाया जा सके कि इस घटना के पीछे का असली कारण क्या है।