बाबा राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा में SIT ने बड़ा खुलासा किया है। स्पेशल इनवेस्टीगेशन टीम ने कहा कि राम रहीम को दोषी ठहराये जाने के बाद डेरा ने हिंसा भड़काने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किये थे। इस हिंसा में डेरा सच्चा सौदे के आदित्य इंसा, हनीप्रीत और सुरिंदर धीमान की साजिश की बात सामने आ रही है।
पढ़ें: पहली बार डेरे में पहुंचा मीडिया का कैमरा, देखिए राम रहीम की वो 'गुप्त गुफा'
डेरा प्रवंधन ने पंचकूला शाखा के प्रमुख चमकौर सिंह को यह पैसा खर्च करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। आपको बता दें कि चमकौर सिंह पर 27 अगस्त को देशद्रोह का केस दर्ज हुआ था,तब से वह परिवार समेत फरार चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक डेरा ने हिंसा फैलाने वाले लोगों को यह भरोसा दिया था कि अगर हिंसा के दौरान उनकी जान चली जाती है, तो उनके परिवार को आर्थिक मदद मिलेगी।
पढ़ें: राम रहीम की बेटी हनीप्रीत की जान आखिर क्यों है खतरे में? 3 वजहें
SIT की जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ कि पंचकूला और पंजाब के कई इलाकों में भीड़ को हिंसा के लिए भड़काया गया था और डेरा ने पैसा बांटा था। इस मामले में हरियाणा के डीजीपी बीएस सिंधू ने कहा कि चमकौर की गिरफ्तारी के लिए हमारी टीमें छापा मार रही हैं, उसके मिलने के बाद ही बाकी जानकारी मिल सकेगी। आपको बता दें कि बाबा राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा में पंचकूला में 32 लोगों की मौत हो गई थी।