ऐसा कम ही देखने को मिलता है कि किसी राजनीतिक दल ने अपनी वेबसाइट पर दूसरी राजनीतिक पार्टी के कामकाज का ब्यौरा डाल दिया हो। हर पार्टी अपनी अधिकारिक वेबसाइट पर खुद की नीतियों का प्रचार करती है, अपने नेताओं के भाषण और दूसरी जानकारी देती है। लेकिन तृणमूल कांग्रेस की वेबसाइट पर पीएम नरेंद्र मोदी को निशाना बनाते हुए जुमला मीटर तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई घोषणाओं को ममता का 'जुमला मीटर' चेक करके बताता है कि वे गलत हैं या सही। ममता का जुमला मीटर प्रधानमंत्री मोदी के कई बयानों और घोषणाओं को गलत बता रहा है।
वेबसाइट पर एक तरफ प्रधानमंत्री के बयान या उनकी घोषणाएं लिखी रहती हैं, जबकि नीचे यह बताया जाता है कि वह सूचना गलत कैसे है। उसके साइड में ही 'जुमला मीटर' तैयार किया गया है। इसमें दो ही बातें लिखी हैं, सच या झूठ। यहीं एक मीटर बना हुआ है, जिसमें एक सुई लगी है। अगर वह बात सही होती है तो मीटर की सुई सच पर चली जाती है और झूठ है तो सुई झूठ पर टिक जाती है।
खास बात यह है कि वेबसाइट पर अभी तक करीब दर्जनभर बातों को चेक किया गया है। उनमें से किसी भी घोषणा या योजना को जुमला मीटर ने ठीक नहीं बताया। सभी को झूठ करार दे दिया गया है।
रेप के मामले
सबसे पहले लिखा है- पीएम ने कहा था कि अब रेप के मामलों में तीन दिन, सात दिन, 11 दिन और एक महीने में अभियुक्तों को फांसी की सजा मिल जाती है। जुमला मीटर बताता है कि रेप के केस में 2004 के दौरान किसी अभियुक्त को फांसी कोई मामला सामने नहीं आया है।
भ्रष्टाचार विरोधी नीति
पीएम मोदी ने यह घोषणा की थी कि उनकी सरकार में भ्रष्टाचार विरोधी नीति के चलते कोयले की खानों से मिलने वाला राजस्व बढ़ गया है। ममता बनर्जी के जुमला मीटर ने इसे भी गलत करार दे दिया। पीएम मोदी ने कहा था- डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर योजना हमने लागू की है। इस पर जुमला मीटर दिखाता है कि यह योजना तो 2013 के केंद्रीय बजट में ही आ गई थी।
बिजली सप्लाई
उत्तर प्रदेश की एक जनसभा में पीएम मोदी ने कहा था कि सपा सरकार में ईद पर दिवाली के मुकाबले बिजली सप्लाई ज्यादा दी गई थी। इसे भी जुमला मीटर ने गलत बता दिया। जुमला मीटर ने कहा, 2016 में दिवाली पर ही ज्यादा पावर सप्लाई दी गई थी। करीब 15,400 मेगावाट प्रतिदिन बिजली सप्लाई हुई थी। ईद के मौके पर 13,500 मेगा वाट पावर सप्लाई की गई थी।
इन बातों को भी बताया गलत
फसल बीमा पर पीएम मोदी द्वारा कही गई बात को जुमला मीटर गलत बता रहा है। श्री साई बाबा समाधि पर आयोजित एक समारोह में पीएम मोदी ने कहा था- हमने चार साल में 1.25 करोड़ मकान बना दिए हैं, जबकि जुमला मीटर का कहना है कि अक्तूबर 2016 तक केवल 52.66 लाख घर बने हैं। इसी तरह उन्होंने राजस्थान में कहा था कि वसुंधरा राजे के समय में 11 मेडिकल कालेज बने हैं, जबकि जुमला मीटर ने बताया, 20 में से 13 कालेज तो पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में ही मंजूर हो गए थे।