बिहार में सत्ताधारी दल जनता दल (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार पार्टी के विस्तार की योजना बना रहे हैं। उनकी कोशिश है कि जनता दल (यू) को बिहार से बाहर निकाला जाए और इसके लिए पार्टी अगले लोकसभा चुनाव में बिहार से बाहर कुछ अन्य राज्यों में अपनी किस्मत आजमा सकती है।
पार्टी के प्रधान महासचिव के सी त्यागी के मुताबिक अगले महीने चार मार्च को पटना में जेडी (यू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में देश के सभी राज्यों से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हिस्सा लेंगे और नीतीश कुमार के सामने उनके प्रदेश में पार्टी के विकास की क्या संभावनाएं हैं, इसका खाका पेश करेंगे।
इस बैठक के माध्यम से जेडी (यू) अपनी चुनावी तैयारियों को भी अंतिम रुप देने में लगी है। पार्टी इस बार बिहार में भाजपा और लोक जनशक्ति पार्टी के साथ गठबंधन करके चुनाव में उतर रही है। उसे बिहार की 40 सीटों में से 17 सीटें मिली हैं। पार्टी के जितने अधिक सांसद होंगे, चुनाव के बाद पार्टी की भूमिका उतनी ही अधिक होगी। लिहाजा वह इस बार अपने खाते की ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश करेगी। 2014 के लोकसभा चुनाव में उसे महज दो सीटों पर सफलता मिली थी।