भागलपुर से नई दिल्ली जा रही ट्रेन के एसी कोच में घुसे चोरों ने बारातियों को लाखों की चपत लगा दी। बारात भागलपुर से इलाहाबाद आ रही थी। मंगलवार को ब्याह था। सुबह ट्रेन जंक्शन स्टेशन पर पहुंची तो पता चला कि दूल्हे की मां का बैग गायब है।
दूल्हे की मां के बैग में दुल्हन के जेवर, ढाई लाख रुपये नगद, दूल्हे और उसके भाई के मोबाइल फोन, सात लाख रुपये कीमत की कलाई घड़ी समेत कुछ और सामान थे। कई बारातियों को भी मोटी चपत लगी। चोरों ने करीब बीस लाख रुपये का माल पार कर दिया। जंक्शन स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज कराने के बाद बारात खुल्दाबाद थाने के निकट होटल पहुंची, जहां दोपहर में विवाह समारोह संपन्न हुआ।
रेलवे से रिटायर नूरुल हुदा खान भागलपुर जनपद बिहार में रहते हैं। उनके दो बेटों में छोटे फजल का ब्याह यहां करेली में करामत की चौकी क्षेत्र में रहने वाले शमीम अहमद की बेटी के साथ तय हुआ था। मंगलवार को निकाह होना था इसलिए सोमवार शाम भागलपुर-नई दिल्ली एक्सप्रेस से दूल्हे फजल और परिजनों समेत तीस बाराती एसी टू बोगी से रवाना हुए। सुबह ट्रेन इलाहाबाद जंक्शन के आउटर पर पहुंची तो कोच अटेंडेंट ने बारातियों को जगाया।
तभी पता चला कि दूल्हे फजल की मां का एक बैग गायब है। उस बैग में दुल्हन के करीब चार लाख रुपये कीमत के आभूषण, ढाई लख रुपये कैश, सात लाख रुपये कीमत की रोलेक्स कलाई घड़ी, दो महंगे मोबाइल फोन और टैब, एटीएम तथा पैन कार्ड, दुबई के ड्राइविंग लाइसेंस समेत कई कागजात थे। कई बारातियों के भी बैगों से मोबाइल फोन, गहने, पैसे नदारद थे।
ट्रेन से उतरकर दूल्हे के पिता नूरुल ने जीआरपी थाने जाकर घटना की जानकारी दी। उनकी शिकायत पर चोरी का केस लिखा गया। इसके बाद बाराती खुल्दाबाद थाने के पास होटल पहुंचे जहां विवाह समारोह होना था। दूल्हे के पिता ने बताया कि रात में एक भी बार रेलवे पुलिस या आरपीएफ का एस्कार्ट दस्ता नहीं आया। वहीं थाना प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि मुकदमा लिखकर चोरों का पता लगाने की कोशिश हो रही है।