बारामती विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत के बाद जय पवार ने निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने वीएसआर वेंचर्स की उड़ानों पर रोक लगाने और संभावित लापरवाही की जांच की भी अपील की है।
पुणे के बारामती में 28 जनवरी को हुए विमान हादसे ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी। इस हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल और जांच की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच अजित पवार के बेटे जय पवार ने इस हादसे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि विमान हादसों में ब्लैक बॉक्स आसानी से नष्ट नहीं होते और जनता को पूरी, पारदर्शी और निर्विवाद सच्चाई जानने का अधिकार है।
एनसीपी ने की थी सीबीआई जांच की मांग
इससे एक दिन पहले एनसीपी ने भी सीबीआई जांच की मांग की थी। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, प्रफुल्ल पटेल और अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर सीबीआई जांच की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संपर्क किया जाएगा। एनसीपी ने हादसे में कई गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है, जिनमें आखिरी समय में फ्लाइट क्रू में बदलाव, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े संचार में कथित विसंगतियां और सुरक्षा सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:- Bombay High Court: INS शिकरा के पास 23 मंजिला इमारत पर बॉम्बे हाईकोर्ट सख्त; नौसेना से पूछा- अब तक सो रहे थे?