सुप्रीम कोर्ट ने भेजा विजय माल्या को नोटिस
विजय माल्या की तरफ से बैंकों को 4000 करोड़ रुपए लौटाने के प्रस्ताव को बैंकों ने ठुकरा दिया है। यह रकम 30 सितंबर तक बैंकों को लौटाए जाने का प्रस्ताव रखा गया था।
बैंकों ने विजय माल्या के इस प्रस्ताव को नाकाफी बताते हुए ठुकरा दिया और सुप्रीम कोर्ट से विजय माल्या के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कर्ज की पूरी रकम लौटाने का आदेश देने की अपील की। सुप्रीम कोर्ट ने विजय माल्या को इस मामले में नोटिस देते हुए 21 अप्रैल तक जवाब मांगा है।
विजय माल्या ने 31 मार्च को सुप्रीम कोर्ट के सामने 2000 करोड़ रुपए तुरंत और 2000 करोड़ रुपए 30 सितंबर तक लौटाने का प्रस्ताव रखा था। सुप्रीम कोर्ट की बेंच के जज कुरियन जोसेफ और आरएफ नरीमन ने इस प्रस्ताव को इस मामले में बैंकों की अध्यक्षता कर रहे भारतीय स्टेट बैंक को भेज दिया था।
9000 करोड़ रुपए का है कुल कर्ज
बैंकों ने ठुकराया विजय माल्या का ऑफर
सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय बैंक से इस मामले पर 7 अप्रैल तक अपना जवाब देने के लिए कहा था। स्टेट बैंक के इस प्रस्ताव को नकारे जाने की बात बैंकों ने कुछ दिन पहले ही विजय माल्या को बता दी थी।
आपको बता दें कि विजय माल्या पर बैंकों का करीब 9000 करोड़ रुपए का कर्ज है। इसमें सबसे अधिक कर्ज भारतीय स्टेट बैंक का है, जिसकी रकम करीब 1600 करोड़ रुपए है।
इसके अलावा विजय माल्या पर पंजाब नेशनल बैंक का 800 करोड़ रुपए, आईडीबीआई का 800 करोड़ रुपए, बैंक ऑफ इंडिया का 650 करोड़ रुपए, यूको बैंक का 320 करोड़ रुपए, कॉर्पोरेशन बैंक का 310 करोड़ रुपए, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर का 150 करोड़ रुपए, आईओबी का 140 करोड़ रुपए, फेडरल बैंक का 90 करोड़ रुपए, पंजाब और सिंध बैंक का 60 करोड़ रुपए और एक्सिस बैंक का 140 करोड़ रुपए का कर्ज है।