पाकिस्तान उच्चआयोग ने मंगलवार को 112 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया है। ये सभी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित श्री कटासराज मंदिर में 17 से 23 दिसंबर के बीच दर्शन करने जाएंगे। कटास राज मंदिर पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं के लिए सबसे पवित्र स्थलों में शामिल है। इसे किला कटास नाम से भी जाना जाता है।
सीबीआई एजेंट बनकर घर में घुसे चार लोग कथित तौर पर सोना व नकदी लेकर वहां से फरार हो गए। गची बावली थाना पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर को ये चार लोग एक प्रापर्टी डीलर के घर पहुंचे। खुद को सीबीआई का एजेंट बताकर घर में घुसे और प्रापर्टी डीलर की पत्नी से अलमारी की चाभियां मांगी। तलाशी के नाम पर ये 1.35 किलो सोने के गहने और एक से दो लाख रुपये की नकदी लेकर चले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एनआईए अदालत ने युवाओं को आतंकी संगठन आईएस से जुड़ने के लिए उकसाने के मामले में दो युवकों को दोषी करार दिया है। रिजवान अहमद व मोहसिन सैयद ने खुद हलफनामा देकर अपना गुनाह स्वीकार किया और इसके लिए माफी भी मांगी। दोनों ने पिछली सुनवाई में स्पेशल जज एटी वानखेड़े के समक्ष मौखिक रूप से भी गलती स्वीकार की थी। रिजवान व सैयद ने हलफनामे में कहा कि वह बिना किसी दबाव के अपना गुनाह कुबूल कर रहे हैं।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पांच हजार से ज्यादा पक्षियों वाले सभी पॉल्ट्री फार्मों को पर्यावरण संरक्षण के दिशानिर्देशों के दायरे में लाया जाए। अधिकरण ने कहा, मार्च 2021 में प्रस्तावित दिशानिर्देशों के अनुसार चरणबद्ध ढंग से नियमन के लिए कुछ समय दिया जा सकता है।