पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के साथ कावेरी जल बंटवारे को लेकर हुई हिंसा के बाद शहर की स्थिति सामान्य हो गई है। बुधवार को यहां के सभी 16 थाना क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा लिया गया है। शहर के पुलिस आयुक्त एनएस मेघारिक ने ट्वीट कर कहा, ‘बंगलूरू शहर के सभी 16 थाना क्षेत्रों से तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू हटा लिया गया है।’
देश की आईटी राजधानी में परिवहन के वाहन और मेट्रो एक बार फिर से सेवा में आ गए हैं और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान तथा स्कूल और कॉलेज फिर से खुल गए हैं। उल्लेखनीय है कि हिंसा भड़कने के बाद तमिलनाडु रजिस्ट्रेशन वाले दर्जनों बसों और ट्रकों को विरोध प्रदर्शन करने वालों ने आग के हवाले कर दिया था।
प्रदर्शनकारियों को यह जानकारी मिली थी पड़ोसी राज्य में कन्नड़ों और उनकी संपत्तियों पर हमला किया गया है। इन घटनाओं के मद्देनजर 12 सितंबर की रात से कर्फ्यू लगा दिया गया था। उच्चतम न्यायालय द्वारा कर्नाटक को तमिलनाडु के लिए 12000 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने का आदेश दिये जाने के बाद राज्य में हिंसा भड़क उठी थी।