भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रमुख बंदी संजय कुमार ने गुरुवार को कहा कि पार्टी में शामिल नए नेताओं को दिग्गजों और वरिष्ठों के साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। नए लोग दिग्गजों के साथ एकजुट होकर भगवा पार्टी के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए काम करें। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना नए नेताओं से मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने का आह्वान किया।
तेलंगाना में 30 को होने हैं चुनाव
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मौजूदा सांसद करीमनगर विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। हाल ही में कुमार की जगह तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी बने हैं। उन्होंने राज्य इकाई के अध्यक्ष पद से हटाए जाने को तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि पार्टी किसी व्यक्ति से नहीं बल्कि विचारधारा से चलती है। कुमार ने साथ ही विश्वास जताया कि चुनाव में भाजपा को अधिकतर सीटें मिलेंगी। बता दें, तेलंगाना विधानसभा चुनाव 30 नवंबर को होने है। इसका परिणाम तीन दिसंबर को सामने आएगा।
अच्छे तालमेल बिठाने में कुछ कठिनाइयां...
भाजपा नेता ने कहा, 'नए लोगों को पार्टी में वरिष्ठ नेताओं के साथ अच्छे तालमेल बिठाने में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। फिर भी, हमें एक साथ मिलकर काम करना होगा। अगर हम एक लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी में शामिल हुए हैं, तो कुछ कठिनाइयां भी उठानी होंगी। वरिष्ठों और नए लोगों दोनों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।'
उन्होंने कहा कि पार्टी एक साथ मिलकर काम करने में विश्वास करती है। इसलिए नए नेताओं को वरिष्ठों और दिग्गजों के साथ बातचीत करने मतभेद दूर करने चाहिए।
बहुत सारे लोग भाजपा की तरफ
वहीं आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि दुब्बाका और हुजूराबाद के उपचुनावों के साथ-साथ ग्रेटर हैदराबाद और शिक्षक एमएलसी चुनाव जीतने के बाद पार्टी ने राज्य में अपना दबदबा बनाया है। इसके बावजूद मीडिया के कुछ वर्गों ने बीआरएस और कांग्रेस का समर्थन किया है। चुनावी अभियान जोर-शोर से चल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के वरिष्ठ और नए नेता भारत राष्ट्रीय समिति (बीआरएस) को हराने के लिए जी-जान से मेहनत कर रहे हैं। बहुत सारे लोग भाजपा की तरफ हैं।
हमें बहुमत मिलेगा
यह पूछे जाने पर कि कर्नाटक चुनाव हारने के बाद क्या पार्टी तेलंगाना में कांग्रेस से अधिक सीटें हासिल करने में कामयाब होगी, कुमार ने कहा, 'निश्चित रूप से, हमें बहुमत मिलेगा। जरूरतमंदों को भाजपा पर भरोसा है। तेलंगाना के लोग कांग्रेस को मौका नहीं देंगे, जिसने पांच गारंटी के झूठे वादे पर कथित तौर पर धोखा देकर कर्नाटक में जीत हासिल की है।' उन्होंने कहा कि दूसरी ओर बीआरएस ने तेलंगाना को कर्ज में डूबे राज्य में बदल दिया है।
आंकड़े बदल जाएंगे
किसी भी सर्वेक्षण में भाजपा के जीतने की संभावना नहीं जताई गई है। इस सवाल को पूछे जाने पर नेता ने कहा कि अतीत में इन्हीं सर्वों में कहा गया था कि पार्टी हुजूराबाद, दुब्बाका और अन्य चुनावों में नहीं जीतेगी। लेकिन उनमें भाजपा की जीत हुई। आंकड़े बदल जाएंगे। भगवा पार्टी सरकार बनाएगी।