एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुंबई पुलिस ने एक और आरोपी को पकड़ा है। क्राइम ब्रांच ने दावा किया है कि आरोपी भगवंत सिंह को बेलापुर से गिरफ्तार किया गया। उसने शूटरों को आवास और हथियार मुहैया कराए थे। वह राजस्थान से हथियार लेकर मुंबई आया था। हत्याकांड में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी को 12 अक्तूबर की रात उनके बेटे और कांग्रेस नेता जीशान सिद्दीकी के ऑफिस से बाहर निकलने के दौरान गोली मारी गई थी। जिसके बाद लीलावती अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। हत्याकांड में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच शाखा ने 18 अक्तूबर को पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। जबकि इससे पहले चार लोगों को पकड़ा था। फिलहाल इस वारदात का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पहुंच से बाहर है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में शामिल बदमाशों ने यूट्यूब पर देखकर हथियार चलाना सीखा था, जबकि मुख्य आरोपी शिवकुमार गौतम ने शादियों में आतिशबाजी के लिए की गई फायरिंग के दौरान हथियार चलाना सीखा था। इन सभी ने कुर्ला इलाके में एक किराए के मकान में यूट्यूब पर वीडियो देखकर हथियार चलाना सीखा था।
पुलिस ने बताया कि बेलापुर से गिरफ्तार किए गए आरोपी भगवंत सिंह ने शूटरों को हथियार मुहैया कराए थे। साथ ही उसने ही शूटरों के रुकने का इंतजाम किया था। वह राजस्थान से हथियार लेकर मुंबई आया था। अब पुलिस मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं।
संबंधित वीडियो