बाबा रामदेव का योगा प्रशिक्षण शिविर
योगगुरु बाबा रामदेव जल्द ही फरीदाबाद में एक हजार एकड़ में फैली परियोजना की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार बाबा रामदेव को अरावली की पहाड़ियों पर बसे कोट गांव में जमीन का एक बहुत बड़ा टुकड़ा दिया गया है।
जानकार बताते हैं कि पतंजलि एक योगा या स्वास्थ्य सेवा केंद्र खोल सकती है। हालांकि, रामदेव के प्रवक्ता ने इस जमीन पर बात करने से मना करते हुए घोषणा होने तक इंतजार करने की बात कही। गौरतलब है कि बाबा रामदेव ने योग दिवस पर फरीदाबाद में अपने योग शिविर के दौरान बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह समेत एक लाख लोगों के साथ योग कार्यक्रम आयोजित कर एक रिकॉर्ड बनाया है।
उल्लेखनीय है कि इस साल की शुरुआत में बाबा ने कहा था कि वह हरियाणा में 5000 करोड़ रुपए का निवेश कर एक विश्वविधालय और अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा केंद्र खोलना चाहते हैं।
अब सवाल ये उठता है कि जब कोट और उसके आसपास अरावली के क्षेत्र में 2012 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जमीन की रजिस्ट्री बंद थी, जिसे 2013 में खोला गया और फिर बंद कर दिया गया। 2014-15 में भी यहां कई जमीनों की चकबंदी हुई है और फिर से बंद कर दिया गया। मौजूदा समय में यहां चकबंदी पर पाबंदी लगी हुई है, तो क्या रामदेव को जमीन देने के लिए एक बार फिर से प्रतिबंध को हटाया जाएगा?