अयोध्या पर फैसले के मद्देनजर सरकार ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) कैंपस में सीआरपीएफ की बटालियन तैनात करने का फैसला लिया है। बाकायदा चार नवंबर को कैंपस में इसकी रिहर्सल भी हो चुकी है। इसके साथ ही सरकार ने जेएनयू, विश्व भारती, जादवपुर, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, कश्मीर विश्वविद्यालय, समेत कई विश्वविद्यालयों में अलर्ट जारी किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर देश के सभी राज्यों समेत उच्च शिक्षण संस्थानों को अलर्ट किया गया है। शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को कैंपस में शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें छात्रों और शिक्षकों पर नजर रखने को कहा गया है। किसी अप्रिय घटना पर तुरंत एचआरडी मंत्रालय, स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है। इस दौरान किसी भी बाहरी छात्रों को कैंपस में रुकने की इजाजत नहीं होगी। छात्रों व शिक्षकों के सोशल मीडिया व व्हाट्सएप पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील
जामिया मिल्लिया इस्लामिया की कुलपति प्रो. नजमा अख्तर ने अयोध्या फैसले के मद्देनजर कैंपस में शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया, व्हाट्सएप आदि पर चलने वाली भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने को कहा है। कुलपति ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करने की बात कही।