कर्नाटक के मंगलूरू में शनिवार को एक चलते ऑटोरिक्शा में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे आग लग गई और भारी धुआं होने लगा। हादसे में ऑटो चालक और एक यात्री के जलने से घायल होने की खबर सामने आई है। पुलिस द्वारा साझा किए गए उस जगह की सीसीटीवी फुटेज में ऑटोरिक्शा में आग लगते हुए दिखाया गया है। शुरुआत में पुलिस अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की कि यह एक 'विस्फोट' था। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही मामले में डीजीपी कर्नाटक ने कहा कि अब इसकी पुष्टि हो गई है। विस्फोट आकस्मिक नहीं है, बल्कि गंभीर क्षति पहुंचाने के इरादे से एक 'आतंकवादी कृत्य' है। कर्नाटक राज्य पुलिस केंद्रीय एजेंसियों के साथ इसकी गहन जांच कर रही है। इस बीच, सीएम बोम्मई ने कहा है कि पता चला है कि बम विस्फोट करने वाले संदिग्ध के आतंकवादी संबंध थे। वह पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में कोयम्बटूर सहित विभिन्न स्थानों की यात्रा कर चुका था।
इससे पहले शहर के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार सूचना पाकर मौके पर पहुंचे और निरीक्षण के बाद संवाददाताओं से कहा कि ऑटोरिक्शा में आग लगी थी और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाह नहीं फैलान की अपील की। कुमार ने कहा कि ऑटोरिक्शा में लोगों ने आग देखी और आग लगने की वजह से एक यात्री और चालक घायल हो गए, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या यह विस्फोट था? उन्होंने कहा कि "हमें प्रथम दृष्टया में कुछ नहीं पता है।" अधिकारी ने कहा कि अगर उनके पास जानकारी आती है तो वह पत्रकारों के साथ साझा करेंगे।
जांच टीम गठित की गई है: पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त ने कहा कि हमने घटना के कारणों को सत्यापित करने के लिए विशेष टीम और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया है। कुछ लोगों को चोटें आई हैं। उनका इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों से बात नहीं की है। कुमार ने कहा कि ऑटोरिक्शा चालक का इलाज चल रहा है और वह उससे बात करने के बाद ही इस पर कुछ टिप्पणी कर सकते हैं।
पुलिस आयुक्त ने लोगों से नहीं घबराने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया के जरिए भ्रम पैदा करने और अफवाहें फैलाने की जरूरत नहीं है। हमें जो भी जानकारी मिलेगी, मैं सीधे आपके साथ साझा करूंगा।