श्री अरविंदो आश्रम ट्रस्ट ने अब मध्यस्थता पैनल को पत्र लिखकर कहा है कि अयोध्या मामले के पक्षकारों के बीच सर्वमान्य सहमति होने की स्थिति में वह अपनी जमीन देगा। मालूम हो कि दो दिन पहले ट्रस्ट ने मध्यस्थता पैनल को पत्र लिखकर कहा था कि अगर मध्यस्थता के जरिए अयोध्या भूमि विवाद का समाधान निकलता है तो वह विवादित जमीन के पास स्थित वह एक तिहाई जमीन देशहित में दे देगा।
अब ट्रस्ट ने फिर से पैनल को पत्र लिखकर कहा है कि अगर अयोध्या विवाद में सभी पक्षकारों के बीच समझौता नहीं हुआ तो वह अपनी जमीन नहीं देगा। आश्रम ने कहा है कि पक्षकारों के बीच मध्यस्थता असफल होने या सुप्रीम कोर्ट द्वारा पक्षकारों के बीच हुए समझौते से इत्तफाक न रखने की स्थिति में वह अपनी जमीन देने को तैयार नहीं है। हमारा ऑफर तब के लिए है जब सभी पक्षकारों के बीच सर्वमान्य समझौता हो।
ट्रस्ट ने कहा है कि हमने अपनी जमीन देने का ऑफर अच्छी मंशा से किया था। देश में शांति व भाईचारे के मद्देनजर हमारी ओर से यह ऑफर दिया गया था। ट्रस्ट ने कहा है कि अफवाह फैलाई जा रही है कि उनकी जमीन पर मस्जिद आदि बनाई जाएगी। हम कतई यह नहीं चाहते कि हमारी जमीन का इस्तेमाल सांप्रदायिक उद्देश्य के लिए हो।आश्रम ने मध्यस्थता पैनल से आग्रह किया है कि उनका पत्र सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा दिया जाए।