वीवीआईपी चॉपर घोटाले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी और अन्य को शनिवार को दिल्ली की एक अदालत ने चार दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को वायु सेना के पूर्व प्रमुख एसपी त्यागी और अन्य को 3,600 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में उनकी संदिग्ध भूमिका को लेकर गिरफ्तार किया था।
केंद्र की पिछली यूपीए सरकार के दौरान ब्रिटेन स्थित अगस्तावेस्टलैंड से 12 वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों की खरीद में 450 करोड़ रुपये की रिश्वत के कथित लेन-देन के आरोप में ये गिरफ्तारियां हुई हैं।
सीबीआई सूत्रों ने बताया कि 2007 में सेवानिवृत हुए 71 साल के त्यागी, संजीव और चंडीगढ़ में रहने वाले वकील गौतम खेतान को सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। करीब चार घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।