सतवीर हत्याकांड में मेरठ के गांव रुकनपुर के एक दूधिया को हिरासत में लेने पर भड़के सैकड़ों लोगों ने बृहस्पतिवार सुबह थाना भावनपुर पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने थाने में तोड़फोड़ करते हुए जो पुलिसकर्मी सामने आया, उसे पीटा। हवालात का ताला तोड़ने की कोशिश की गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। चार आरोपी थाने में ही दबोच लिए गए। 50 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
भावनपुर थानाक्षेत्र के रूकनपुर गांव निवासी तांगा चालक सतवीर प्रजापति की तीन दिन पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सतवीर की पत्नी धनेश्वरी ने गांव के सुंदरपाल, कपिल, गफ्फार, निजाम और नईमुद्दीन समेत दस लोगों पर केस दर्ज कराया था। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। नामजद आरोपियों को पुलिस जेल नहीं भेज रही, इसको लेकर पीड़ित परिवार में आक्रोश है।
एसएसपी का मानना है कि हत्या के पीछे अवैध संबंध का मामला सामने आ रहा है। पुलिस पूछताछ और जांच के बाद ही कार्रवाई करेगी। इस बीच भावनपुर पुलिस ने बुधवार रात गांव के दूधिया फरमान को शक के आधार पर हिरासत में लिया था।
जो सामने दिखा, उसे पीटा
बृहस्पतिवार सुबह पौने छह बजे फरमान को पुलिस द्वारा उठाने की सूचना मिली तो गांव के लोगों की बैठक हुई। उसके बाद काफी संख्या में पुरुष और महिलाएं ट्रैक्टर ट्राली से थाने पहुंचे। उस समय कोई पुलिसकर्मी ब्रश कर रहा था तो कोई नहाने जा रहा था। भीड़ ने थाने में घुसते ही जो सामने दिखा, उसे पीटना शुरू कर दिया। जिससे थाने में अफरातफरी फैल गई। भीड़ ने थाने में भी तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी।
हवालात का ताला तोड़ने की कोशिश
हत्या के केस में नामजद पांच लोग हवालात में बंद है। भीड़ ने इन आरोपियों पर भी हमला करने की कोशिश की। हवालात का ताला तोड़ने का प्रयास किया। थाने में इस कदर अराजकता फैली कि पुलिसकर्मियों ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दौड़ा लिया।
दरोगा का बैग उड़ाया
इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने थाने के दरोगा एमपी सिंह का बैग उड़ा लिया। ग्रामीणों ने कमरे में भी तोड़फोड़ कर दी। दिल के मरीज दरोगा ने बताया कि बैग में उनकी दवाईयां, पास बुक और कीमती कागज थे।
थाने पर नहीं थे एसओ
थाने में मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान एसओ मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों ने जाम लगाने का प्रयास भी किया। पुलिस द्वारा सूचना देने के बाद एक घंटे बाद एसओ थाने पहुंचे। तब जाकर ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा गया। बाद में एसपी देहात और सीओ सदर देहात भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने लाठीचार्ज के दौरान मौके से रूकनपुर निवासी विजय पाल सिंह, सुशील, राजू और असलम को गिरफ्तार कर लिया। थाने पर हमला बोलने वालों में जुबेर, दीपक, विजयपाल, जुनेज, गुड्डू, यूसुफ, राजबीर, शमशेर, फिरोज, अमजद, शुभम, अंकित, निसार, पिंटू, मोती, पवन, गुरवचन सहित पचास लोगों के खिलाफ नामजद और डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।