महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने रविवार को एक अहम जानकारी दी है। दरअसल, एटीएस ने बताया कि उसने उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के बाहर मिले विस्फोटकों से लदे वाहन के मालिक मनसुख हीरेन की मौत के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ कथित आपराधिक साजिश, हत्या, और सबूत नष्ट करने का मुकदमा दर्ज किया है।
हीरेन की मौत के मामले की जांच एटीएस को सौंपे जाने के बाबत शनिवार देर रात को आधिकारिक आदेश जारी किए गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य गृह विभाग के आदेश पर एटीएस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
नियमानुसार, ठाणे जिले की मुंब्रा पुलिस ने मामले से संबंधित दस्तावेज एटीएस को सौंप दिए हैं।
दक्षिण मुंबई में अंबानी के बहुमंजिला आवास एंटीलिया के पास 25 फरवरी को जिलेटिन की 20 छड़ों के साथ एक स्कॉर्पियो कार पाई गई थी। पुलिस ने कहा था कि वाहन को एयरोली-मुलुंड पुल के पास से आठ फरवरी को चुराया गया। 46 साल के हीरेन ठाणे में शुक्रवार सुबह मृत पाए गए थे।
इससे पहले, हीरेन के परिवार के सदस्यों ने हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग की थी और उनका शव लेने से इंकार कर दिया था। हालांकि, पुणे के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिजन शनिवार को शव लेने पर सहमत हुए थे।
हीरेन के परिवार ने उनकी हत्या का आरोप लगाया। उधर, ठाणे के जोन-1 डीएसपी अविनाश अंबुरे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट हिरेन के परिवार वालों को सौंप दी गई है।
मनसुख के परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मनसुख हिरेन को मार कर डुबाया गया है। मनसुख के परिजनों के मुताबिक, मनसुख की लास्ट मोबाइल लोकेशन पालघर जिले का विरार इलाका था, जबकि उनका शव ठाणे की खाड़ी में मिला। दोनों लोकेशन में इतना अंतर कैसे हो सकता है।
परिवार का आरोप है कि यह बड़ी साजिश है। मनसुख के पड़ोसियों ने भी बताया कि वो सोसायटी के बच्चों को तैरना सिखाते थे, पानी में नहीं डूब सकते। बता दें कि मनसुख हिरेन गुरुवार से गायब थे। परिवार के लोग शुक्रवार को थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। तभी थाने में खबर आई कि ठाणे की खाड़ी में एक शव मिला है, जो पानी में फूल गया था। पुलिस उनके परिवार को लेकर वहां पहुंची और शव की शिनाख्त कराई गई।
गौरतलब है कि मुंब्रा खाड़ी से जब मनसुख का शव निकाला गया तो वह मास्क पहने हुए थे और मास्क के अंदर छह-सात रुमाल ठूंसे हुए मिले। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी तरह का जख्म का उल्लेख नहीं है।
प्राथमिक रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत होने की बात कही गई है। वहीं, एटीएस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।