उमेश पाल हत्याकांड में साजिश रचने के आरोपों में नामजद माफिया अतीक अहमद को एक बार फिर साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जा सकता है। इस दौरान अतीक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुझे जान से मारने की कोशिश हो रही है। ये पहली बार नहीं है जब अतीक को मौत का डर सता रहा है। इसके पहले भी वह और उसके परिजन इसको लेकर बयान दे चुके हैं।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में अतीक ने यहां तक कह दिया, 'माफियागिरी खत्म हो चुकी है। हमारा परिवार मिट्टी में मिल चुका है। अब तो मिट्टी में मिलने के बाद रगड़े जा रहे हैं।' अतीक ने ये भी कहा कि उसके परिवार को परेशान किया जा रहा है।
अतीक को मौत का खौफ सता रहा है। उसे उसके परिवार के मारे जाने का डर सता रहा है। मानसिक तौर पर अतीक परेशान होने लगा है। ऐसे में हमने उसकी मानसिक स्थिति जानने के लिए मनोवैज्ञानिक डॉ. हेमा खन्ना से बात की। उनसे जानने की कोशिश की है कि जो अतीक कभी किसी से डरता नहीं था, वो अचानक से इस तरह के बयान क्यों देने लगा है? इसके पीछे क्या कारण है? क्या अतीक टूटने लगा है? आइए समझते हैं...