भारत में आजादी के 75 वें वर्ष पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। लोग दुनियाभर से भारत को बधाई दे रहे हैं। लेकिन एक संदेश पृथ्वी ग्रह से दूर अंतरिक्ष से आया है। संदेश इटली की अंतरिक्ष यात्री सामंथा क्रिस्टोफोरेटी ने इंटरनेशनल स्पेस सेंटर से भेजा है। क्रिस्टोफोरेटी ने इस विशेष अवसर पर देश को बधाई देते हुए अंतरिक्ष से एक वीडियो संदेश भेजा है।
एक वीडियो संदेश में अंतरिक्ष यात्री सामंथा क्रिस्टोफोरेटी ने कहा कि भारत को आजादी के 75 साल पूरे होने पर बधाई देते हुए खुशी हो रही है। दशकों से अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ मिलकर कई अंतरिक्ष और विज्ञान मिशनों पर काम किया है।
इसरो की सफलता की कामना की
क्रिस्टोफोरेटी एक यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) की अंतरिक्ष यात्री हैं और वह फिलहाल अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर हैं। उन्होंने 'गगनयान' कार्यक्रम पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सफलता की कामना की। इस वीडियो को इसरो के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है। 1 मिनट 13 सेकंड के लंबे वीडियो में वह लाल रंग की टी-शर्ट पहने दिख रही है और इसरो एजेंसी को शुभकामनाएं दे रही है।