नोटबंदी को लेकर भले ही आम जनता को नकद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। मगर चुनाव में नोट के बदले वोट खरीदने के लिए काला धन और शराब पानी की तरह बहाया जा रहा है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़े बताते है कि 18 जनवरी यानी बुधवार को एक ही दिन में पुलिस और आयकर विभाग ने पांच राज्यों में 15 करोड़ रुपये से ज्यादा नकद रकम बरामद की है।
अकेले उत्तर प्रदेश में 13.75 लाख रुपये का काला धन पकड़ा गया। अभी तक पांच राज्यों में कुल 80.44 करोड़ रुपये का काला धन पकड़ा गया है। इनमें से 31.65 लाख रुपये के पुराने नोट है। नकद ही नहीं बल्कि शराब की नदियां भी चुनाव में बह रही हैं।
उत्तर प्रदेश में बीते बुधवार को 38 लाख रुपये 19198 लीटर शराब पकड़ी गई। पंजाब में 1161 लीटर शराब पकड़ी गई। 18 जनवरी तक कुल 2.71 लाख लीटर शराब पकड़ी गई है। इसकी कीमत सात करोड़ 71 लाख रुपये आंकी गई है।