राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के सात सदस्यों को मराठी न बोलने पर एक फूड स्टॉल मालिक पर कथित रूप से मारपीट करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस की ओर से नोटिस दिए जाने के बाद आरोपियों को जाने दिया गया। यह घटना मंगलवार को ठाणे जिले के भयंदर इलाके में हुई।
वायरल हुए वीडियो में क्या?
एक पुलिस अधिकारी ने पहले बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ हमलावर मनसे के निशान वाले स्कार्फ पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। खाना खरीदते समय उनमें से एक ने स्टॉल मालिक से मराठी में बात करने को कहा, जिस पर उसने उनसे सवाल किया। जब वह व्यक्ति दुकानदार पर चिल्ला रहा था, तो उसके साथ कुछ अन्य लोगों ने स्टॉल मालिक को थप्पड़ मारे।
दंगा, धमकी और मारपीट का मामला दर्ज
इसके बाद काशीमीरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मनसे के सात सदस्यों के खिलाफ दंगा, धमकी और मारपीट का मामला दर्ज किया। आरोपी व्यक्तियों को पुलिस स्टेशन लाया गया। शुक्रवार को काशीमीरा पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर किरण कदम ने बताया कि पुलिस की ओर से नोटिस दिए जाने के बाद उन्हें जाने दिया गया।
'अच्छे व्यवहार के बारे में बांड पर हस्ताक्षर करवाएगा'
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई) की प्रक्रिया में है। क्षेत्रीय पुलिस उपायुक्त का कार्यालय उनसे अच्छे व्यवहार के बारे में बांड पर हस्ताक्षर करवाएगा। बता दें कि मनसे के सदस्य राज्य में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और बैंकों में मराठी भाषा के इस्तेमाल पर जोर देने की कोशिश कर रहे हैं।